बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 अगस्त। ग्राम रोहरा में ज्वेलर्स संचालक से करीब 12 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर लूटने के मामले में फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर आरोपी को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से पुरानी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन, 61,950 रुपये नगद और पैन कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, बलवा और चोरी सहित 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं।
16 जुलाई को हुई थी 12 लाख की लूट
पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई की सुबह करीब 9.30 बजे ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखी करीब 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले चार आरोपी पकड़े जा चुके थे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियारबंद लूट गिरोह के चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशलेश त्रिपाठी फरार चल रहा था।
ठिकाने बदलता रहा
पुलिस के अनुसार कौशलेश लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र मजबूत करने के साथ तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न स्तरों पर आपसी समन्वय के जरिए उसके संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। सटीक सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सीतामढ़ी, कोरबा में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक अब तक इस लूटकांड में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज
आरोपी की पहचान कौशलेश त्रिपाठी उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, बलवा और चोरी जैसे 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी अपराध के दौरान घातक हथियारों का इस्तेमाल करने और हिंसक तरीके अपनाने से नहीं हिचकता था।
यह सामान हुआ बरामद- एक पुरानी पिस्टल, मैगजीन में दो जिंदा कारतूस- तीन मोबाइल फोन- 61,950 रुपये नगद- आरोपी का पैन कार्ड
पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय गिरोह के फरार सदस्यों की गतिविधियों और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।