बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के थाना लवन और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम चितावर में हुई युवती की हत्या के आरोप में पड़ोसी को महासमुंद जिले के झलप-पटेवा क्षेत्र से हिरासत में लिया है।
पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, 13 अगस्त की शाम लगभग 4.30 बजे ग्राम चितावर (थाना लवन) निवासी सतरूपा ध्रुव (24 वर्ष) का शव गांव में कुएं के पास पाया गया था। मृतका के गले पर धारदार हथियार के निशान थे।
प्रार्थी पुनऊराम पटेल की सूचना पर थाना लवन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस जांच और परिजनों से पूछताछ के अनुसार, पुराने विवाद और जादू-टोना के शक के चलते युवती की हत्या की गई थी और घटना के तुरंत बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था।
मामले की जांच के दौरान साइबर सेल और पुलिस टीम को तकनीकी इनपुट्स के आधार पर आरोपी रामदयाल ध्रुव नीम चौक, ग्राम चितावर, थाना लवन की उपस्थिति महासमुंद जिले में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। लवन पुलिस और साइबर सेल की टीम ने महासमुंद जिले के झलप-पटेवा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को कस्टडी में लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।