बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन थाना अंतर्गत चितावर गांव में गुरुवार शाम एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घर के पीछे बाड़ी में युवती खून से लथपथ हालत में मिली। मृतका के गले को किसी धारदार हथियार से रेता गया था। मामले में मृतिका की मां ने पड़ोस में रहने वाले रामदयाल ध्रुव पर हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से रामदयाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस भी मामले में युवक की भूमिका को लेकर जांच कर रही है।
घर में मां-बेटी ही थे
मिली जानकारी के अनुसार, शतरूपा ध्रुव अविवाहित थी और अपनी मां समरीन बाई के साथ रहती थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में मां-बेटी ही दो सदस्य थे। गुरुवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच शतरूपा घर के पीछे स्थित बाड़ी में बर्तन धो रही थी। इसी दौरान उसकी मां समरीन बाई खेत से लौटने के बाद नहाने के लिए तालाब चली गई।
युवती के गले में सोने का लॉकेट भी गायब
कुछ देर बाद जब समरीन बाई तालाब से वापस घर लौटी तो बाड़ी में अपनी बेटी को खून से लथपथ पड़ा देखा। आनन-फानन में आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई और पुलिस को सूचना दी गई। मृतिका की मां का कहना है कि, उनकी पुत्री के गले में सोने का लॉकेट था, वह भी गायब है।
मां ने बताया- दीवार पर खड़ा था रामदयाल
मृतिका की मां समरीन बाई ने पुलिस को बताया कि जब वह तालाब से वापस आई तो पड़ोस में रहने वाला रामदयाल ध्रुव बाड़ी के पीछे दीवार के ऊपर खड़ा दिखाई दिया था। मां का कहना है कि उसे देखते ही रामदयाल वहां से भाग गया। इसके बाद जब बाड़ी में जाकर देखा तो उसकी बेटी खून से लथपथ पड़ी थी।
घटना के बाद से रामदयाल अपने घर से गायब है। इस वजह से पुलिस का शक भी उसके आसपास केंद्रित है। हालांकि हत्या की असली वजह और घटना में युवक की भूमिका जांच पूरी होने तथा पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर फरार रामदयाल ध्रुव की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की हत्या किस वजह से की गई।
पुलिस का कहना है कि, फरार युवक की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही शतरूपा की मौत की असली वजह और हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ सकेगी।