बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार,13 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जिस रास्ते से ग्रामीणों को अपने परिजनों की अंतिम यात्रा श्मशान घाट तक ले जानी थी, उसी रास्ते पर अतिक्रमण के कारण उन्हें खेतों के बीच से शव लेकर जाने को मजबूर होना पड़ रहा था। लालपुर गांव की इस गंभीर और संवेदनशील समस्या को ‘छत्तीसगढ़’ ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
बलौदाबाजार जिले के ग्राम लालपुर में श्मशान घाट तक जाने वाली जमीन पर किए गए निर्माण और कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान निर्माण को हटाया गया और श्मशान घाट तक पहुंचने वाले रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
ग्रामीणों को होती थी परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक, श्मशान घाट तक पहुंचने का रास्ता लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में था। इसके चलते अंतिम संस्कार के दौरान भी ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार शव को खेतों के बीच से लेकर श्मशान घाट तक पहुंचाना पड़ता था।
खबर के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘छत्तीसगढ़’ ने ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से सामने रखा। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया और संबंधित जमीन पर किए गए निर्माण व कथित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
ग्रामीणों ने जताया आभार
समस्या को प्रमुखता से सामने लाने और प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने के लिए ग्राम लालपुर के ग्रामीणों ने ‘छत्तीसगढ़’ का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि, लंबे समय से चली आ रही इस समस्या की ओर खबर के माध्यम से ध्यान आकर्षित हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि, श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की चपेट में नहीं आएगा और प्रशासन इसकी नियमित निगरानी करेगा।