बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 अगस्त। अंबुजा विद्यापीठ, रवान में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, भाटापारा के तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। एक स्वस्थ और मूल्य आधारित समाज की स्थापना के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘मिशन स्पंदन’ के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी उपस्थित थीं। गौरतलब है कि मंजू दीदी ने इससे पहले रायपुर के कई केंद्रों में अपनी अनुकरणीय सेवाएं दी हैं और वर्तमान में वे भाटापारा केंद्र में रहकर एक मूल्य आधारित समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। संस्था की ओर से उनके साथ बी.के. मनराखन, बी.के. भुवनेश्वर और बी.के. मिथिलेश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केवल नशामुक्ति ही नहीं, बल्कि आधुनिक समय में छात्रों की सबसे बड़ी समस्या यानी मोबाइल की लत के विषय में विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन का महत्व समझाते हुए बताया कि आत्म-नियंत्रण, एकाग्रता और नियमित दिनचर्या से ही छात्र अपने जीवन को सही दिशा दे सकते हैं और सफलता पा सकते हैं। दीदी के प्रेरणादायी उद्बोधन के बाद सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्ति तथा सकारात्मक जीवन शैली अपनाने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति
इस प्रेरणादायक और जागरूक कार्यक्रम में विद्यालय के उपप्राचार्य पद्माकर मिश्रा, समन्वयकगण और समस्त शिक्षक वर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, भाटापारा के इस अनूठे प्रयास की सराहना की और इसे आज के समय की एक बेहद महत्वपूर्ण आवश्यकता बताई।