बलौदा बाजार

अतिक्रमण की भेंट चढ़ा श्मशान घाट का रास्ता
09-Aug-2026 7:56 PM
अतिक्रमण की भेंट चढ़ा श्मशान घाट का रास्ता

खेतों से शव ले जाने ग्रामीण मजबूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के करही बाजार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर में श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता कथित अतिक्रमण की चपेट में है, जिसके कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए शव को खेतों के बीच से ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

 ग्राम लालपुर निवासी बृहस्पति यादव का गुरुवार को निधन हो गया था। परिजन और ग्रामीण जब अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर निकले, तो मार्ग अवरुद्ध होने के कारण उन्हें खेतों से होकर लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय कर नदी किनारे स्थित श्मशान घाट तक पहुंचना पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, श्मशान घाट मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इस संबंध में प्रशासन को पहले भी सूचित किया जा चुका है।

सरपंच रवि यादव का कहना है कि यह स्थिति वर्ष 1996 से बनी हुई है। सरपंच के अनुसार, गांव के ही विष्णु यादव पर श्मशान घाट मार्ग एवं शासकीय भूमि पर कब्जा करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि पूर्व में रायपुर कलेक्टर कार्यालय एवं न्यायालय द्वारा भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे, किंतु मार्ग अब तक अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका है।

सरपंच ने बताया कि उन्होंने विधायक, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को भी आवेदन दिया है, पर आज तक प्रशासन ने सुध नहीं ली है, जिसकी वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच ने यह भी बताया कि रसूखदार व्यक्ति विष्णु यादव ने अपने पूरे परिवार के नाम से दो-दो एकड़ जमीन लगभग 24 एकड़ शासकीय जमीन पर कब्जा कर रखा है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से श्मशान घाट तक के मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराकर स्थायी रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है।


अन्य पोस्ट