बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 अगस्त। बलौदाबाजार जिले के ग्राम रवान स्थित अंबुजा प्लांट परिसर में चोरी करने की नीयत से घुसने और रोकने पर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड पर लोहे के एंगल से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी गौतम तिवारी, जो कि अंबुजा प्लांट ग्राम रवान में सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करता है, ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 अगस्त को प्रात: 11 बजे वह अपने साथी आहूजा साहू के साथ ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान आरोपी पिंकेश देवार प्लांट के अंदर चोरी करने की नीयत से घुसा।
प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा और पास पड़े लोहे के एंगल का टुकड़ा उठाकर प्रार्थी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। प्रार्थी द्वारा अपना बचाव करने पर लोहे का एंगल उसके हाथ में लगा, जिससे वह चोटिल हो गया। साथी गार्ड आहूजा साहू द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में धारा 296, 109(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना स्थल से अपराध में प्रयुक्त लोहे का एंगल जब्त किया गया तथा फरार आरोपी को घेराबंदी कर अभिरक्षा में लिया गया।
आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार करने एवं पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे 4 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।