बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के आदेश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा की बैठक संपन्न हुई। बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में फार्म भरने का जन अभियान जारी किया गया है। जिसके क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करने हेतु 5 अगस्त को बैठक आहूत की गई। बैठक में झीरम घाटी के शहीद बस्तर टाइगर स्व. महेंद्र कर्मा की जयंती के अवसर पर कांग्रेस जनों द्वारा उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।
विधायक इंद्र साव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के जरिये गरीब, मध्यम वर्ग के लोगों पर अनाप शनाप बिल भेज का परेशान कर रही है। विभाग के अधिकारी बड़े बकायादारों, शासकीय सेक्टरों से वसूली ना कर पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार प्रसार में लगे है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस गंभीर जनहित के विषय को ध्यानाकर्षण में लगाया था और उसके जवाब में प्रदेश के मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री ने लिखित में जवाब देते हुए स्वीकार किया कि आज प्रदेश के शासकीय कार्यालयों में 3117 करोड़ से ज्यादा की राशि और गैर शासकीय कनेक्शन से लगभग 2736 करोड़ से ज्यादा की राशि बाकी है। विधायक ने कहा कि इतनी मोटी रकम वसूली के अपेक्षा विभागीय अधिकारी शासकीय सेक्टर से मात्र 249 करोड़ की राशि प्राप्त कर अपनी पीठ थपथपा रहे है।
विधायक ने मीडिया में आई खबर के बाद प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 771 करोड़, नगरीय निकाय के ऊपर 1589 करोड़, स्कूल शिक्षा विभाग पर 87 करोड़, गृह विभाग के ऊपर 41 करोड़ से ज्यादा का बकाया है। उस ओर विद्युत विभाग वसूली नहीं कर रहा है और तो और बड़े अधिकारियों रसूखदारों पर जिनका 1 लाख से ज्यादा बकाया है उन पर 1300 करोड़ बकाया है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार इन बकाया पर वसूली करती तो ना तो बिजली दर में वृद्धि करनी पड़ती और ना ही इतना अतिशेष दिखता।
उन्होंने बस्तर टाइगर स्वर्गीय महेंद्र कर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक को सतीश अग्रवाल सुशील शर्मा शहर कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र नवरत्न आलोक मिश्रा रोशन हबलानी अजीत बाजपेयी अजय ठाकुर डॉ बसंत भृगु चंद्रशेखर चक्रधारी ने संबोधित किया। बैठक में ईश्वर सिंग ठाकुर राजकुमार शर्मा, गौरी भृगु, बिमलेश्वरी ध्रुव, संतोष यादव, नानू सोनी, लक्ष्मी पांडे जितेंद्र शर्मा, दीपक वर्मा, भुनेश्वर शर्मा, मनहरण वर्मा, अय्यूब बांठिया ओमप्रकाश यदु,सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्तागण उपस्थित थे।