बलौदा बाजार
सांसद लक्ष्मी वर्मा को मंत्री का जवाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 अगस्त। बलौदाबाजार कृषि क्षेत्र में आधुनिक अवसंरचना विकसित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि मिली है। कृषि अवसंरचना कोष (एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड-एआईएफ) के तहत 15 जुलाई तक राज्य में 1,535 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा द्वारा संसद में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने यह जानकारी दी। लिखित उत्तर के अनुसार, इन परियोजनाओं के लिए 2,218.14 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है, जबकि कुल परियोजना लागत 4,199.20 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं के माध्यम से फसलोपरांत कृषि अवसंरचना को सुदृढ़ करने, आधुनिक भंडारण एवं प्रसंस्करण सुविधाएं विकसित करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि बलौदाबाजार जिले में भी एआईएफ के तहत 128 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनके लिए 165.82 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है, जबकि कुल परियोजना लागत 303.66 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं से जिले में वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, कृषि प्रसंस्करण इकाइयों तथा फसलोपरांत प्रबंधन सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने और उचित समय पर बेहतर कीमत पर बेचने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक 74 कोल्ड स्टोरेज एवं कोल्ड चेन परियोजनाओं तथा 638 वेयरहाउस परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को 2 करोड़ रुपये तक के ऋण पर 3 प्रतिशत ब्याज सहायता तथा ऋण गारंटी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कृषि क्षेत्र में निजी निवेश को भी बढ़ावा मिल रहा है। सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के लिए आधुनिक कृषि अवसंरचना विकसित करने पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण, मूल्य संवर्धन, बेहतर विपणन और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी। इसका सीधा लाभ किसानों की आय बढ़ाने और छत्तीसगढ़ की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मिलेगा।