बलौदा बाजार
भाजपा का घट रहा जनाधार-सुरेंद्र शर्मा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 4 अगस्त। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की छह हजार से अधिक मतों से जीत के बाद बलौदाबाजार जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और इसे जनता के बदलते जनादेश का संकेत बताया।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम भारतीय जनता पार्टी के घटते जनाधार का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से निराश है, जिसका असर अब चुनावी नतीजों में दिखाई देने लगा है।
सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि हाल के दिनों में कई ऐसे मुद्दे सामने आए हैं, जिनसे केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन, नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं से जनता में असंतोष बढ़ा है।
उन्होंने भाजपा पर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को पहले उम्मीदवार घोषित किया गया और बाद में उनका टिकट वापस ले लिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी। उनके अनुसार, भाजपा के भीतर का असंतोष अब चुनावी परिणामों में भी दिखाई देने लगा है।
बिहार की राजनीति का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि वहां भी राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और जनता विकल्प की ओर बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि दतिया और बांकीपुर जैसे चुनावी परिणाम भविष्य की बड़ी राजनीतिक तस्वीर का संकेत हैं।