बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 3 अगस्त। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से आज पूरा बलौदाबाजार शिवमय नजर आया। सावन के पहले सोमवार पर जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
देवाधिदेव महादेव की आराधना का पावन माह सावन शुरू हो चुका है और पहले सोमवार के अवसर पर बलौदा बाजार जिले में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिले के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समेत सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
पलारी स्थित सातवीं-आठवीं शताब्दी के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक, धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
महिलाओं ने सावन सोमवार का व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। धार्मिक मान्यता है कि सावन माह में सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा और अभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं।
जिले के अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं, आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी शिवभक्तों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से कांवडिय़ों के दल पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने की तैयारियों में जुटे हैं। पूरे सावन माह जिलेभर में धार्मिक आयोजन, भक्ति और शिव आराधना का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।