बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 2 अगस्त। धुर्राबांधा मार्ग की खस्ताहाल स्थिति और जर्जर स्कूल भवन के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर एक अगस्त की सुबह ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं। प्रशासन और कंपनी के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त हुआ।
शनिवार को जर्जर सडक़ और स्कूल भवन के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर ग्रामीणों व विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थिति को नियंत्रित करने और ग्रामीणों से वार्ता के लिए तहसीलदार यशवंत राज, नायब तहसीलदार प्रेमा मिंज, पीडब्ल्यूडी विभाग से मनीकांत तिवारी, बीआरसी दुर्गेश, पुलिस बल तथा रियल इस्पात कंपनी के अधिकारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे।
लगभग 6 घंटे चले प्रदर्शन और अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सडक़ का डामरीकरण कराया जाएगा और इसके लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अनुसार, मार्ग पर स्पंज आयरन संयंत्र से जुड़े भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सडक़ जर्जर हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
छात्रों ने बताया कि सडक़ की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, छात्राओं ने बताया कि कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल भवन के जर्जर होने के कारण पढ़ाई दो पालियों में संचालित करनी पड़ रही है। उन्होंने स्कूल भवन के जल्द निर्माण की मांग की।
भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण: प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्कूली समय (सुबह 9.30 से 10.30 और दोपहर 3.30 से शाम 4.50 तक) धुर्राबांधा से कोसमंदा के बीच भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।
रियल इस्पात कंपनी के अधिकारी राजेश सिंह ने आश्वासन दिया कि मानसून के दौरान सडक़ की मरम्मत का प्रयास किया जाएगा। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए चालकों को निर्देश, स्पीड ब्रेकर का निर्माण और साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
कलेक्टर एवं एसडीएम से वार्ता के आधार पर अधिकारियों ने एक माह के भीतर नए स्कूल भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।
सरपंच प्रतिनिधि हेमंत वर्मा द्वारा रखे गए स्थानीय युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर कंपनी प्रबंधन ने योग्यता व अनुभव के आधार पर प्राथमिकता देने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।