बलौदा बाजार

सडक़ भी बनेगी, जलभराव से भी मिलेगी राहत
31-Jul-2026 7:41 PM
सडक़ भी बनेगी, जलभराव से भी मिलेगी राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 31 जुलाई। शहर के विकास को वार्ड स्तर तक पहुंचाने की दिशा में नगर पालिका परिषद भाटापारा ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। नयापारा वार्ड में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित वार्डवासी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

भूमिपूजन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाटापारा नगर के विकास को लेकर नगर पालिका परिषद पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। विकास का लाभ शहर के हर वार्ड और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, यही प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य सिर्फ सडक़ बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों को ऐसी मूलभूत सुविधाएं देना है, जिससे उनका दैनिक जीवन आसान और सुविधाजनक हो। नयापारा वार्ड में सीसी रोड और नाली निर्माण से आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की समस्या का भी समाधान होगा।

श्री शर्मा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। जहां सडक़ की आवश्यकता है, वहां सडक़; जहां नाली की जरूरत है, वहां नाली और जहां अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां उन कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाटापारा के विकास की गति रुकने वाली नहीं है। हमारा लक्ष्य है कि शहर का कोई भी वार्ड विकास की दृष्टि से पीछे न रहे। नागरिकों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शहर के विकास में सडक़, नाली, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। इन सभी क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने का प्रयास रहेगा। उन्होंने वार्डवासियों से भी निर्माण कार्य में सहयोग की अपील की।

नयापारा वार्ड में लंबे समय से आवश्यक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य के प्रारंभ होने पर वार्डवासियों में उत्साह देखा गया। नागरिकों ने विकास कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा एवं नगर पालिका परिषद का आभार जताया।

इस अवसर पर सभापति मनीष मिश्रा,सतीश साहू,बब्बू मंधान, गायत्री आडिल, सुधीर मिश्रा अनिल मिश्रा पप्पू पांडेय एवं वार्डवासी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट