बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 जुलाई। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने संसद में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को लेकर प्रभावी ढंग से आवाज उठाई। उनके सवालों के लिखित जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खरसिया-बलौदाबाजार-परमलकासा रेल परियोजना सहित राज्य में चल रहे रेलवे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि बलौदाबाजार को भविष्य में बड़े सीमेंट लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में व्यापक क्षमता वाले माल गोदाम (गुड्स शेड) के निर्माण की योजना बनाई गई है।सांसद लक्ष्मी वर्मा ने सदन में प्रश्न उठाते हुए खरसिया–बलौदाबाजार–परमलकासा रेल परियोजना की वर्तमान स्थिति तथा इसे पूरा करने की समय-सीमा की जानकारी मांगी।
इसके जवाब में रेल मंत्री ने बताया कि 278 किलोमीटर लंबी इस दोहरी रेल लाइन परियोजना को अप्रैल 2025 में 7,854 करोड़ की लागत से मंजूरी दी गई थी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने के लिए इसे विशेष रेलवे परियोजना के रूप में अधिसूचित किया गया है तथा सक्षम प्राधिकारी की नियुक्ति कर भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू किया जा चुका है। रेल मंत्री ने अपने उत्तर में कहा कि परियोजना की योजना बनाते समय बलौदाबाजार जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की आर्थिक और औद्योगिक संभावनाओं का व्यापक अध्ययन किया गया है। इसी के अनुरूप बलौदाबाजार में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़े माल गोदाम एवं गुड्स शेड के निर्माण की योजना तैयार की गई है। इससे सीमेंट उद्योग को परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी, माल ढुलाई की लागत घटेगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।सदन में दिए गए जवाब में रेल मंत्री ने छत्तीसगढ़ में रेलवे अवसंरचना के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए निवेश का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच राज्य को रेलवे विकास के लिए औसतन ?311 करोड़ प्रतिवर्ष का बजट मिलता था, जबकि वर्ष 2026-27 में यह बढक़र ?7,470 करोड़ हो गया है, जो लगभग 24 गुना वृद्धि है।रेल नेटवर्क विस्तार के आंकड़े भी उल्लेखनीय रहे। वर्ष 2009 से 2014 के बीच जहां केवल 32 किलोमीटर नया रेल ट्रैक चालू हुआ था, वहीं वर्ष 2014 से 2026 के बीच 1,311 किलोमीटर नया ट्रैक कमीशन किया गया।
यह औसतन 109.29 किलोमीटर प्रति वर्ष है, जो पहले की तुलना में लगभग 17 गुना अधिक है।गौरतलब है कि राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद पहली बार सदन में सक्रिय भागीदारी करते हुए सांसद लक्ष्मी वर्मा ने छत्तीसगढ़ के रेल विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके प्रयासों से विशेष रूप से बलौदाबाजार सहित पूरे अंचल में रेल संपर्क, औद्योगिक निवेश और रोजगार की नई संभावनाओं को लेकर उत्साह का माहौल है।