बलौदा बाजार
पंचायत ने कलेक्टर से लेकर प्रधानमंत्री तक भेजी शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 28 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के चंडी ग्राम पंचायत क्षेत्र के खपराडीह चूना पत्थर माइंस में एक सीमेंट कंपनी द्वारा नई माइंस में खनन एवं क्रशर निर्माण कार्य शुरू किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया हैं। ग्राम पंचायत का आरोप है कि कंपनी ने ग्रामसभा और ग्राम पंचायत के अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किए बिना ही खनन, क्रशर स्थापना, कन्वेयर लाइन तथा अन्य निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और प्रभावित गांवों के लोग संयुक्त रूप से माइंस बंद करने की मांग कर रहे हैं।
विदित हो कि ग्राम पंचायत चंडी में 22 जुलाई को कलेक्टर बलौदाबाजार को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि एक सीमेंट कंपनी ने पर्यावरणीय नियमों एवं छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के प्रावधानों की अनदेखी करते हुए निर्माण एवं खनन कार्य शुरू कर दिया हैं।
शिकायत में उल्लेख किया गया कि ग्राम सभा के प्रस्ताव क्रमांक 38 26 जून 2026 तथा ग्राम पंचायत के प्रस्ताव क्रमांक 08 12 जून 2026 के अनुसार जब तक एवं ग्राम सभा से विधिवत अनुमति प्राप्त नहीं होती, तब तक संबंधित माइंस में खनन, क्रशर स्थापना, कन्वेयर स्ट्रक्चर एवं अन्य निर्माण कार्य नहीं किए जाने चाहिए।
पंचायत ने कलेक्टर से तत्काल प्रभाव से कार्य पर रोक लगाने तथा मामले की जांच कर निर्माण अनुसार कार्रवाई करने की मांग की हैं। शिकायत की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल एवं भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु पर्यावरण मंत्रालय को भी भेजी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन-प्रशासन की उदासीनता के चलते कंपनी नियम कायदों को ताक रखकर मनमानी ढंग से कार्य कर रही हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चंडी सहित सभी प्रभावित गांवों के ग्रामीण संयुक्त आंदोलन करेंगे और माइंस बंद करने के लिए व्यापक रणनीति अपनाई जाएगी।
इस संबंध में सीमेंट कंपनी के माइंस प्रमुख अमित चौहान ने ग्राम पंचायत के आरोपी को निराधार बताते हुए कहा कि चंडी माइंस के लिए वर्ष 2013 में पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की गई थी और इस समय ग्राम पंचायत से आवश्यक एनओसी प्राप्त की गई थी। बिना ग्राम पंचायत की सहमति एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जनसुनवाई संभव नहीं होती। वर्तमान में उसी स्वीकृति माइंस क्षेत्र में क्रेशर निर्माण का कार्य किया जा रहा है, इसलिए दोबारा ग्राम पंचायत से एनओसी लेने की आवश्यकता नहीं हैं। उनके अनुसार लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं।
वहीं ग्राम पंचायत चंडी की सरपंच सत्यभामा बंछोर ने कहा कि ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड के अनुसार सीमेंट कंपनी ने वर्तमान में चल रहे कार्यों के संबंध में ग्राम सभा एवं ग्राम पंचायत से एनओसी प्राप्त नहीं की हैं। इसी कारण ग्राम पंचायत द्वारा कलेक्टर को आवेदन देकर मामले की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई हैं।
जिला खनिज अधिकारी ए. बारिक ने बताया कि इस संबंध में शिकायत पत्र लगभग 5-6 दिन पहले प्राप्त हुआ हैं। अभी तक विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण नहीं किया गया हैं। उन्होंने कहा कि जांच के लिए टीम भेजी जा सकती है अथवा संबंधित पक्ष को नोटिस भी जारी किया जा सकता हैं। दस्तावेजों का परीक्षण कर और स्थल निरीक्षण होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।