बलौदा बाजार

केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, छात्र शक्ति और लोकतंत्र की जीत -कांग्रेस
27-Jul-2026 3:05 PM
केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, छात्र  शक्ति और लोकतंत्र की जीत -कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 जुलाई। कांग्रेस ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को जनता व छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया है। उनके इस्तीफे के बाद कांग्रेसजनों ने विजय मार्च निकाला।

 इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य मीडिया प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, शिक्षा व्यवस्था में हुई अनियमितताओं तथा एक छात्रा की दुखद मृत्यु के बाद देशभर में उठी छात्रों की आवाज़ को कांग्रेस पार्टी ने लगातार समर्थन दिया। लोकतांत्रिक संघर्ष और जनदबाव के सामने अंतत: केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। यह देश के युवाओं, छात्रों और लोकतंत्र की बड़ी जीत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही छात्रों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेतृत्व ने छात्रों की आवाज़ को मजबूती से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को जवाबदेही स्वीकार करनी पड़ी। कांग्रेस उन छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि अर्पित करती है जिन्होंने इस संघर्ष में कष्ट झेले, विशेष रूप से उस छात्रा को, जिसकी दुखद मृत्यु ने पूरे देश को झकझोर दिया।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन ने कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि युवाओं की एकजुटता, लोकतांत्रिक संघर्ष और जनशक्ति की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो तथा भविष्य में किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश यदु, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष परमेस्वर यदु, जिला कोषाध्यक्ष हेमचंद केसरवानी,प्रभारी महामंत्री रामकुमार साहू,लखेश साहू ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक साहू,मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जयसवाल, महामंत्री भावेश वर्मा पूर्व महामंत्री गणेश शंकर साहू शहर महामंत्री ,नीरज बांधे,पूर्व जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस पमेश्वरी साहू, रविंद्र नामदेव, पार्षद सलमान शेख,सुरेश धृतलहरे , अविनाश मिश्रा,शरद शुक्ला, यशवंत वर्मा, एनएसयूआई जय सिंह ठाकुर गणेशु, अरुण कन्नौजे जातिराम साहू , गजपति यादव, रमेश वैष्णव, शरद शुक्ला देवेंद्र, रुपेश कुमार निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट