बलौदा बाजार
एक नोडल शिक्षक ताकि काम पूरी जिम्मेदारी के साथ हो
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भी 2061 सरकारी स्कूलों में अब छुट्टी के बाद ताला लगने से पहले पूरे परिसर की सघन जांच अनिवार्य होगी। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के बाद जिला शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में नहीं सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत आप यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी छात्र स्कूल परिसर के भीतर न रह जाए। जांच के बाद ही स्कूल में ताला लगाया जाएगा।
पूरी जवाबदारी केवल चपरासी या अन्य कर्मचारियों के भरोसे नहीं छोड़ी जाएगी। प्रतिदिन नियुक्त नोडल शिक्षक या कर्मचारी पूरे परिसर का निरीक्षण करेगा और यह सुनिश्चित करेगा की कोई छात्र या अन्य व्यक्ति परिसर में मौजूद न हो। निरीक्षण के बाद ही ताला लगाया जाएगा। यदि जांच में लापरवाही के कारण कोई बच्चा स्कूल परिसर में छूट जाता है तो संबंधित नोडल की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिले में 1189 प्राथमिक शालाएं 638 माध्यमिक शालाएं 98 हाई स्कूल और 133 हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं। सभी संस्थाओं में प्रतिदिन रोटेशन के आधार पर एक नोडल शिक्षक या कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। संबंधित नोडल पूरे परिसर का निरीक्षण करेगा और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही स्कूल बंद कराया जाएगा।
निर्देश में कहा गया है कि कई बार लापरवाही और पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण बच्चे छुट्टी के बाद कक्षा, शौचालय या अन्य हिस्सों में बंद रह जाते हैं। ऐसे मामलों की पुनरावृति रोकने के लिए अब क्लास रूम, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कार्यालय, शौचालय, खेल मैदान तथा स्कूल परिसर के हर हिस्से की अनिवार्य जांच की जाएगी।
अब प्राचार्य और प्रधान पाठक की रहेगी पूरी जवाबदेही
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट लिखा है कि इन निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी संस्था प्रमुख यानी प्राचार्य या हेड मास्टर की होगी। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि स्कूल बंद करने से पहले सभी कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, कार्यालय, शौचालय, खेल मैदान और अन्य हिस्सों की पूरी तरह जांच की गई हैं। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
स्कूलों में छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी नई व्यवस्था लागू की गई हैं। अब छुट्टी के समय शिक्षकों की ड्यूटी मुख्य गेट पर लगाई जाएगी। शिक्षक बच्चों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलवाने, भीड़ नियंत्रण करने तथा सडक़ पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचाने में सहयोग करेंगे। आमतौर पर देखा गया है कि जो स्कूल मुख्य सडक़ों के आसपास होते हैं वहां छुट्टी के समय जाम लग जात लग जाता हैं। यातायात में बाधा पहुंचती हैं।
हादसे की आशंका वाले स्थान भी होंगे सुरक्षित
नई व्यवस्था के तहत स्कूल परिसर में यदि कहीं खुला बोरवेल या गड्ढा या अन्य खतरनाक स्थान है तो उसे तत्काल सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली व्यवस्था की भी विशेष जांच कराई जाएगी। खुले बिजली के तार क्षतिग्रस्त वायरिंग या गली दीवारों से करंट फैलने जैसी संभावित स्थितियों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चे सुरक्षित रहें।