बलौदा बाजार

खपराडीह पंचायत और श्री सीमेंट संयंत्र के बीच संपत्तिकर का विवाद पहुंचा हाईकोर्ट
20-Jul-2026 2:58 PM
खपराडीह पंचायत और श्री सीमेंट संयंत्र के बीच संपत्तिकर का विवाद पहुंचा हाईकोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 जुलाई। ग्राम पंचायत खपराडीह और श्री सीमेंट लिमिटेड के बीच संपत्तिकर को लेकर उपजा विवाद अब हाई कोर्ट पहुंच गया है।

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब शासन के नए निर्देशों के तहत ग्राम पंचायतों द्वारा स्थानीय स्तर पर संपत्तिकर वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब आम नागरिकों के लिए कर की व्यवस्था लागू की जा रही है, तो औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर भी नियमानुसार कर देय होना चाहिए।

शासन के 12 मार्च 2026 के निर्देशों के अनुसार, ग्राम पंचायतों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए संपत्तिकर की वसूली अनिवार्य की गई है। इसी के तहत ग्राम पंचायत खपराडीह ने अपनी सीमा में स्थित श्री सीमेंट संयंत्र की भूमि एवं भवनों का कर निर्धारण किया है।

पंचायत के दावों के अनुसार संयंत्र की लगभग 255.43 हेक्टेयर भूमि एवं भवनों के मूल्यांकन के आधार पर प्रतिवर्ष करीब 38 लाख रुपये से अधिक का संपत्तिकर बनता है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरचार्ज सहित 21 लाख रुपये से अधिक की देनदारी का दावा किया गया है, जिसका भुगतान अब तक लंबित है।

खपराडीह के सरपंच गजेंद्र वर्मा ने पुष्टि की है कि इस संपत्तिकर विवाद को लेकर हाई कोर्ट में वाद दर्ज कराया गया है।

इस मामले के संबंध में जनपद पंचायत सिमगा के सीईओ चंद्र प्रकाश मनहर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, श्री सीमेंट संयंत्र के एचआर प्रमुख देवेंद्र सिंह से भी इस विषय पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से फोन रिसीव नहीं किया गया।

 


अन्य पोस्ट