बलौदा बाजार
शिक्षकों को एप पर अटेंडेंस लगाना है, पर अटैच शिक्षकों की हाजिरी मैन्युअल ले रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 5 जून 2025 से सभी शिक्षकों के संलग्ननीकरण (अटैचमेंट) को स्वत: समाप्त करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद बलौदाबाजार जिले में यह व्यवस्था पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी हैं। जिले में अभी भी 40 से अधिक शिक्षक विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कार्यरत बताया जा रहे हैं, जबकि स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई हैं।
जिले में स्वीकृत 9791 शिक्षक पदों में से 2846 पद वर्तमान में रिक्त हैं। कई स्कूल ऐसे हैं, जहां निर्धारित सेटअप के अनुरूप शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, विकासखंड शिक्षा कार्यालय, समग्र शिक्षा एसडीएम कार्यालय, जिला ग्रंथालय तथा अन्य विभागों में संलग्न होकर काम कर रहे हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) एप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य किए जाने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों को अपनी मूल संस्था से ही उपस्थिति दर्ज करनी होगी। अन्यथा वेतन प्रभावित हो सकता है।
30 जून को जारी हुआ था मूल संस्था में लौटने का आदेश
इसी क्रम में 30 जून को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 13 शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके मूल संस्था में लौटने के लौट के आदेश जारी किए थे। हालांकि विभागीय सूत्रों का कहना है कि जिले में लगभग 56 शिक्षक विभिन्न कार्यालयों और विभागों में संलग्न थे, जिनमें से केवल 10 से 15 की ही वापसी हुई हैं। बाकी शिक्षक अभी कार्यालयीन कार्यों में लगे हुए हैं।
शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण पहले से ही स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही हैं। वहीं प्रधान पाठकों की गणना भी शिक्षकों में की जाती है, लेकिन अधिकांश प्रधान पाठक दिनभर प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिससे कक्षाओं और अतिरिक्त भार अन्य शिक्षकों पर पड़ता हैं।
तत्काल हटाने से दफ्तरों का काम प्रभावित होगा
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप शर्मा का कहना है कि कुछ कार्यालयों में शिक्षकों को तत्काल हटाने से काम का प्रभावित होगा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने और वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के बाद उन्हें मूल संस्था में भेजा जाएगा।
सेवानिवृत्त प्रोफेसर व शिक्षाविद् एसएन पाध्ये का कहना है कि जब सामान्य शिक्षकों को भी वीएसके एप के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, तब कार्यालयों में वर्षों से कार्य कर रहे शिक्षकों के लिए कौन से नियम लागू होंगे?