बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 जुलाई। अंबुजा विद्यापीठ, रवान के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान योजना द्वारा आयोजित प्रारंभिक लिखित परीक्षा में विद्यालय के तीन मेधावी छात्रों अनय शर्मा, रुद्रनील मैती और हन्नाश पंजवानी ने शानदार सफलता हासिल की है।
इस कड़ी प्रतियोगिता में प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अब इन होनहार छात्रों को पी.एस.वाय राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह 2026 में पदक एवं निधि वितरण कर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे स्कूल परिसर में हर्ष का माहौल है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर अडानी समूह की मुख्य शिक्षा अधिकारी और अंबुजा विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने चयनित छात्रों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।
छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने अपने आशीर्वचन में कहा-यह सफलता हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।
अंबुजा विद्यापीठ हमेशा से बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें राष्ट्रीय मंचों के योग्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमारे छात्रों का महामहिम राज्यपाल महोदय के हाथों सम्मानित होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी छात्रों को ऐसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।