बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 18 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कुछ दिनों के ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर पूरे जिले में सक्रिय हो गया है। जिले के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग ने बलौदाबाजार जिले के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आगामी दिनों में गरज-चमक के साथ तेज एवं भारी बारिश की संभावना जताई है।
भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार, 1 जून से 17 जुलाई तक जिले में 351 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले की सभी तहसीलों में अब तक कुल 3159 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। तहसीलवार वर्षा के आंकड़े-टुण्डरा में सर्वाधिक 575 मिमी वर्षा हुई है। इसके बाद बलौदाबाजार में 407.5 मिमी, भाटापारा में 362.1 मिमी, कसडोल में 338.4 मिमी, सोनाखान में 312.5 मिमी, सुहेला में 296.5 मिमी, लवन में 293.9 मिमी, पलारी में 290.7 मिमी तथा सिमगा में 282.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले वर्ष इतनी वर्षा की गई थी दर्ज
इस वर्ष मानसून की रफ्तार पिछले साल की तुलना में कुछ धीमी रही है। 1 जून से 18 जुलाई तक जिले में 425.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष समान अवधि में औसत वर्षा 351 मिमी रही है। यानी अब तक करीब 75 मिमी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों से दूर रहने तथा नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।