बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 15 जुलाई। पेंशनर्स एसोसिएशन तहसील शाखा भाटापारा की मासिक बैठक संरक्षक भंवर सिंह साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में स्थानीय और प्रांतीय समस्याओं पर चर्चा कर आगामी रणनीति तय की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समस्या के तहत श्यामा दुबे के मामले में कथित अवैध वसूली राशि की जांच हेतु उच्च अधिकारियों को शिकायत की गई थी। इसके बावजूद 4 महीने बीत जाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार, 14 जुलाई को जिला कलेक्टर से मुलाकात करेगा।
प्रांतीय समस्याओं को लेकर एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। संगठन की मांग है कि पेंशनरों को पिछले 82 महीनों का डीए (महंगाई भत्ता) का एरियर, छठवें एवं सातवें वेतनमान का बकाया एरियर्स और 1000 रुपये मासिक मेडिकल भत्ता दिया जाए। साथ ही पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। इन मांगों को लेकर 20 जुलाई को पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स मंत्रालय के सामने छाता लेकर प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. वीणा साहू ने दी, जिन्होंने इस दौरान पेंशनर्स का मनोबल बढ़ाने के लिए एक कविता पाठ भी किया।
बैठक में नए सदस्य भुवनलाल साहू का श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। इसके साथ ही जुलाई में जन्मीं विमला साहू को जन्मदिन की और रविशंकर यादव को उनके पुत्र के विवाह पर बधाई दी गई। सदस्यता अभियान में सर्वाधिक सदस्य बनाने के लिए शिवलाल यादव को सम्मानित किया गया।
बैठक में बाबूलाल साव ने संगठन के भवन निर्माण हेतु आवश्यक सुझाव दिए। वहीं, अध्यक्ष भंवर सिंह साहू ने आगामी अक्टूबर में होने वाले संगठन के चुनाव की तैयारियों के संबंध में आवश्यक सुझाव व दिशा-निर्देश साझा किए।
इस बैठक में 30 सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भागवत प्रसाद देवदास ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. खुमान सिंह वर्मा द्वारा किया गया। उपरोक्त समस्त जानकारी सचिव यू. आर. साहू द्वारा दी गई है।