बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 14 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सकरी में 30 वर्षीय युवक ने अपने ही कमरे में गमछे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम सकरी निवासी राजेश साहू पिता कुंजबिहारी साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश अविवाहित था और गांव में अपने बुजुर्ग दादा तथा छोटे भाई के साथ रहता था। उसके माता-पिता रायपुर में रहकर काम करते हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात राजेश अपने कमरे में गया था। इसके बाद उसने गमछे का इस्तेमाल कर फांसी लगा ली।
परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शराब पीने का आदी था
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि राजेश साहू शराब पीने का आदी था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वह अक्सर शराब का सेवन करता था। आशंका जताई जा रही है कि घटना वाली रात उसने खाना भी नहीं खाया था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर पंकज वर्मा ने बताया कि युवक की मौत फांसी लगाने से हुई है। पोस्टमार्टम के दौरान उसके पेट में भोजन नहीं पाया गया। जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस पलारी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है। इसके लिए परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।