बलौदा बाजार

कर्मचारियों व पेंशनरों ने सीएम के नाम सांसदों और विधायकों को सौंपा ज्ञापन
14-Jul-2026 7:20 PM
कर्मचारियों व पेंशनरों ने सीएम के नाम सांसदों और विधायकों को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कर्मचारियों और पेंशनरों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर लामबंदी शुरू कर दी है। संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों—रायपुर लोकसभा सांसद  बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत और कसडोल विधायक संदीप साहू से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

यह पूरा अभियान छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष मनोज दुबे एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन (जिला शाखा बलौदाबाजार-भाटापारा) के जिला अध्यक्ष पी. के. हिरवानी के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। कर्मचारी व पेंशनर साथियों ने जनप्रतिनिधियों से इन मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को अनुशंसा पत्र भेजने का विशेष अनुरोध किया। इस पर सभी जनप्रतिनिधियों ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही इन जायज मांगों पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे और अपनी आधिकारिक अनुशंसा भी राज्य सरकार को भेजेंगे। कर्मचारी संघों ने अपनी मांगों में केंद्र और राज्य सरकार के वादों को रेखांकित किया है। उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं-मोदी की गारंटी को लागू करते हुए लंबित 2 फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) एवं महंगाई राहत का देय तिथि से शीघ्र भुगतान करने का आदेश जारी किया जाए।

 बजट सत्र में घोषित कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ कर्मचारियों को देने के लिए इस योजना का शीघ्र क्रियान्वयन किया जाए। शासकीय सेवकों की सेवानिवृत्ति पर 300 दिनों के अर्जित अवकाश के नकदीकरण का तत्काल भुगतान किया जाए। अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में लागू 10 प्रतिशत की सीलिंग (सीमा) को पूरी तरह समाप्त किया जाए।

पेंशनरों के हित में मांगें और मध्य प्रदेश से सहमति की परंपरा का विरोध

एसोसिएशन ने पेंशनरों की समस्याओं को उठाते हुए मांग की है कि  पेंशनरों को भी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ दिया जाए, 70 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनरों की पेंशन राशि में 20 फीसदी की वृद्धि की जाए,  महंगाई राहत के भुगतान के मामले में मध्य प्रदेश शासन से सहमति लेने की अनिवार्य व पुरानी परंपरा को अब हमेशा के लिए समाप्त किया जाए। इसके अतिरिक्त, पेंशन कल्याण मंडल का पुनर्गठन करने तथा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए छठवें एवं सातवें वेतनमान की एरियर्स राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।


अन्य पोस्ट