बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 13 जुलाई। जिला चिकित्सालय में रात्रि ड्यूटी के दौरान एक स्वास्थ्य कर्मचारी के नशे की हालत में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद एक मरीज के परिजन ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि घटना बीती रात की है। उन्होंने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही उसके निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सिविल सर्जन के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट और उच्च अधिकारियों के निर्देश के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि जिला चिकित्सालय की घटना है। सिविल सर्जन उस पर कार्रवाई कर रहे हैं। उन्हें निर्देश दिया गया है कि समिति बनाकर इसकी जांच करें और यदि जांच में आदतन शराब के नशे में आता है तो बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।