बलौदा बाजार
नीम, कटहल सहित 150 से अधिक लगाए पौधे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार,11 जुलाई। दाऊ कल्याण सिंह कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, भाटापारा में अधिष्ठाता डॉ. एच. एल. सोनबोइर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना सामान्य इकाई द्वारा 1 जुलाई से 7 जुलाई तक महाविद्यालय में वृक्षारोपण सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न चयनित क्षेत्रों में स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया।
सप्ताह भर के इस कार्यक्रम में नीम,कटहल के अलावा कुल 150 पौधे लगाये गए हैं, इसके अलावा कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते एक पेड़ माँ के नाम पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ, हरियाली ही खुशहाली जैसे प्रेरणादायीं नारों के माध्यम से वृक्षारोपण जागरूकता अभियान चलाया गया। अंतिम दिवस 7 जुलाई को कुल 55 पौधें रोपित किये गए तथा विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण विषय पर पोस्टर बनाए।
कार्यक्रम के समापन में वरिष्ठ प्राध्यापक एवं प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. अंगद सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ दिलाते हुए कहा कि वृक्ष हमें प्राण वायु प्रदान करने के साथ साथ मृदा एवं जल संरक्षण, जैव विविधता तथा पर्यावरण संतुलन बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को पेड़ लगाने तक ही सीमित न रहकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जिम्मेदार बनने तथा जीवन में अपने आस-पास के खुले स्थानों में अधिक से अधिक पर पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।