बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बारनवापारा क्षेत्र में ग्रामीणों ने आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। बारनवापारा से भोथाही और अमेठी घाट होते हुए जिला मुख्यालय बलौदाबाजार को जोडऩे वाले मुख्य मार्ग पर स्थित बालमदेही नदी का पुल पिछले छह वर्षों से क्षतिग्रस्त है। अनेक बार प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगाने और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी जब पुल का पुनर्निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने स्वयं चंदा इक_ा किया और श्रमदान के जरिए ईंट-सीमेंट से अस्थायी रास्ता तैयार कर आवागमन बहाल कर दिया।
2019 की बारिश में ढह गया था पिलर, झूल रहा लेंटर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाड़दाह और सैहाभाठा के बीच वन क्षेत्र में वर्ष 2005-06 में इस पुल का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2019 में हुई भारी बारिश के दौरान पुल का मध्य पिलर ढह गया, जिससे पुल का लेंटर ‘वी’ आकार में नीचे की ओर झूल गया। तब से यह पुल पूरी तरह जोखिमभरा बना हुआ है। हर साल मानसून के दौरान इस मार्ग के बंद हो जाने से क्षेत्र के लगभग 25 से 30 गांवों के हजारों लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट जाता है।
हर साल बह जाता है मुरुम, इस बार
ईंट-सीमेंट से किया मजबूत
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वे हर वर्ष अपने स्तर पर टूटे हुए हिस्से में मुरुम डालकर रास्ता बनाने का प्रयास करते हैं, लेकिन मानसून की पहली तेज बारिश में वह बह जाता है। इस वर्ष भी 5 और 6 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के कारण पुल पर डाला गया मुरुम बह गया, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों की मुश्किलें अत्यधिक बढ़ गईं।
प्रशासन से कोई त्वरित सहायता न मिलते देख ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से राशि जुटाई। इस बार मुरुम को बहने से रोकने के लिए पुल के दोनों ओर ईंट और सीमेंट की दीवार खड़ी कर बीच में भराव किया गया, ताकि रास्ता कुछ समय के लिए टिक सके। इस सामूहिक कार्य में लोकनाथ रात्रे, धरम रात्रे, अश्वनी कैवर्त, इंद्रा कुमार प्रभाकर और गंगादेव चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में वनांचल के ग्रामीणों ने आर्थिक व शारीरिक सहयोग दिया।
क्षेत्र के नागरिकों ने शासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस संवेदनशील मार्ग की महत्ता को देखते हुए बालमदेही नदी पर शीघ्र ही नए पुल का स्थायी निर्माण स्वीकृत किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस वार्षिक समस्या और जानलेवा जोखिम से मुक्ति मिल सके।