बलौदा बाजार

मूसलाधार बारिश से पहाडिय़ां हरियाली की मखमली चादर ओढ़े नजर आ रही...
07-Jul-2026 4:17 PM
मूसलाधार बारिश से पहाडिय़ां हरियाली की मखमली चादर ओढ़े नजर आ रही...

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 जुलाई। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं दूसरी ओर प्रकृति ने ऐसा अद्भुत रूप धारण किया है, जिसे देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो रहा है। उफनती नदियों और नालों के बीच बलौदाबाजार जिले के कसडोल बारनवापारा वन क्षेत्र सहित आसपास की पहाडिय़ां इन दिनों हरियाली की मखमली चादर ओढ़े नजर आ रही हैं।

छोटी-छोटी पहाडिय़ों से दूधिया धाराओं की तरह बहते बरसाती झरने जंगल की खूबसूरती में ऐसा आकर्षण घोल रहे हैं कि यहां पहुंचने वाला हर पर्यटक कुछ पल ठहरकर इस प्राकृतिक सौंदर्य को अपनी आंखों और कैमरे में कैद करना चाहता है। बारिश के बाद पहाडिय़ों से रिसता पानी जब चट्टानों से होकर नीचे गिरता है तो दर्जनों छोटे-छोटे अस्थायी झरनों का निर्माण होता है। 

झरनों की ध्वनि ने वातावरण को बनाया मनमोहक

इन झरनों की कल-कल करती मधुर ध्वनि, घने पेड़ों के बीच बहती ठंडी हवाएं, मिट्टी की भीनी-भीनी खुशबू और बादलों से ढका आसमान मिलकर ऐसा मनमोहक वातावरण बना देते हैं, मानो प्रकृति ने स्वयं अपने हाथों से इस जंगल का श्रृंगार किया हो। इन झरनों की सबसे खास बात यह है कि ये पूरे वर्ष नहीं बहते। केवल अच्छी बारिश के बाद कुछ कुछ हफ्तों या महीनों तक ही इनका अस्तित्व रहता है। इसके बाद जैसे-जैसे बारिश कम होती है, ये झरने भी धीरे-धीरे विलुप्त हो जाते हैं। यही अल्पकालिक सुंदरता इन्हें और भी खास बना देती है और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह किसी अनमोल उपहार से कम नहीं होती।

कसडोल ब्लॉक में हैं 5 से अधिक झरने

इन दिनों कसडोल ब्लॉक का सिद्धखोल झरना सहित बार नयापारा क्षेत्र में 5 से अधिक झरने है। इन झरनों को देखने आसपास के वन क्षेत्र में पहुंचने वाले पर्यटक पहाड़ी झरनों, हरी-भरी वादियों घिरे प्राकृतिक दृश्यों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। कई युवा, फोटोग्राफर और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर यहां की खूबसूरती को अपने कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इन तस्वीरों और वीडियो को देखकर अन्य लोग भी इस प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने के लिए आकर्षित हो रहे हैं।

लोगों के लिए पर्यटन का बना केंद्र

बरसात के मौसम में जंगल का हर कोना जीवन से भर उठा है।

की चमकती हरियाली, पहाडिय़ों की चट्टानों से फिसलता निर्मल जल और पक्षियों की मधुर चहचहाहट मिलकर ऐसा दृश्य रच रहे हैं, जो किसी प्राकृतिक चित्रकला से कम नहीं लगता। शहरों की भागदौड़ और शोरगुल से दूर यह वनांचल इन दिनों सुकून, ताजगी और प्रकृति के साथ कुछ यादगार पल बिताने की चाह रखने वाले लोगों के लिए एक आदर्श पर्यटन स्थल बन गया है।


अन्य पोस्ट