बलौदा बाजार

झमाझम बारिश, किसानों को राहत
05-Jul-2026 8:40 PM
झमाझम बारिश, किसानों को राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदा बाजार, 5 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है।

देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला रविवार 5 जुलाई सुबह भी जारी रहा। जिले के वनांचल और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

सोनाखान, बार, नयापारा, कसडोल समेत वनांचल क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई है। वहीं लवन, पलारी, सुहेला, सिमगा और बलौदा बाजार शहर सहित आसपास के इलाकों में भी लगातार बारिश होने से जनजीवन के साथ खेती-किसानी को बड़ी राहत मिली है।

लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी आने से अब धान की रोपाई का कार्य तेजी से शुरू किया जा सकेगा।

कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह नियमित बारिश होती रही तो खरीफ सीजन की फसलों के लिए यह बेहद फायदेमंद साबित होगी।


अन्य पोस्ट