बलौदा बाजार

भाटापारा में 10 लाख से बनेगा मुक्तिधाम शेड
05-Jul-2026 8:34 PM
भाटापारा में 10 लाख से बनेगा मुक्तिधाम शेड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 5 जुलाई। नगर के शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड एवं  लाल बहादुर शास्त्री वार्ड स्थित मुक्ति धाम में लगभग 10 लाख की लागत से बनने वाले मुक्तिधाम शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया।

 नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।

लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा मुक्तिधाम में शेड निर्माण की मांग की जा रही थी। अंतिम संस्कार के दौरान तेज धूप, वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम में लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने के बाद नागरिकों को अंतिम संस्कार जैसे अत्यंत संवेदनशील अवसरों पर सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

श्री शर्मा ने कहा विकास का वास्तविक अर्थ केवल सडक़, नाली और भवन निर्माण नहीं है, बल्कि समाज की प्रत्येक आवश्यक सुविधा को संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराना भी है। मुक्ति धाम ऐसा स्थान है जहाँ हर परिवार कभी न कभी पहुँचता है। ऐसे समय में लोगों को असुविधा नहीं, बल्कि सम्मान और सुविधा मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। नगर पालिका जनभावनाओं के अनुरूप प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है और विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि भाटापारा नगर का प्रत्येक वार्ड मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित हो। जनहित के प्रत्येक कार्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप अनेक विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

कार्यक्रम में विकास कार्यों के प्रति नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका परिषद के जनहितकारी प्रयासों की सराहना की।


अन्य पोस्ट