बलौदा बाजार

सेवानिवृत्ति के साथ मिला सम्मान और अधिकार, नपा ने सौंपा 3 लाख का चेक
04-Jul-2026 6:39 PM
सेवानिवृत्ति के साथ मिला सम्मान और अधिकार, नपा ने सौंपा 3 लाख का चेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 4 जुलाई।  नगर पालिका परिषद भाटापारा के स्वास्थ्य विभाग की सेवानिवृत्त कर्मचारी रानी बाई राठौर के लिए एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा उन्हें सेवानिवृत्ति के साथ ही 3 लाख की अवकाश नकदीकरण  राशि का चेक प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि कर्मचारी निकाय की रीढ़ होते हैं, जो नागरिक सेवाओं के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने रानी बाई राठौर द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग में दिए गए सेवाकाल की चर्चा की।

उन्होंने कहा, सेवानिवृत्ति के अवसर पर कर्मचारी को सम्मान के साथ-साथ उसके वैधानिक वित्तीय लाभ समय पर मिलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विदाई के दिन ही 3 लाख की अवकाश नकदीकरण राशि का भुगतान किया गया है, ताकि उन्हें इस राशि के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े। नगर पालिका परिषद कर्मचारियों के समयबद्ध भुगतान के लिए प्रयासरत है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव ने रानी बाई राठौर के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने सेवानिवृत्ति के दिन ही भुगतान किए जाने के इस निर्णय की बात रखी।

नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव, सभापति सतीश तलरेजा, मनीष मिश्रा, पार्षद भुवन सिंह ठाकुर, नंदकिशोर वैष्णव, सतीश साहू, श्रेणिक गोलछा, सभापति प्रतिनिधि देवेंद्र साहू, दशरथ साहू सहित निकाय के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों द्वारा श्रीमती रानी बाई राठौर को स्मृति-चिह्न भेंट कर विदाई दी गई।


अन्य पोस्ट