बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 जुलाई। कसडोल थाना क्षेत्र के प्रकरण को लेकर बलौदाबाजार प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी गई है।
दोनों पक्षों के भिन्न दावे
ज्ञापन के अनुसार, कसडोल थाना क्षेत्र के इस मामले में एक ओर अनुसूचित जाति वर्ग की युवती द्वारा आरोप लगाए गए हैं, वहीं दूसरी ओर थाना कसडोल पुलिस ने 28 जून को अपराध क्रमांक 260/2026 में धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2)(क) एवं 45 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर इसे ब्लैकमेलिंग एवं उगाही का प्रकरण बताया है। दोनों पक्षों के दावे भिन्न होने के कारण प्रेस क्लब ने इसकी जांच स्थानीय स्तर से हटाकर किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में कराने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
प्रेस क्लब ने मांग की है कि प्रकरण से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। इसके अंतर्गत थाना कसडोल एवं एसडीओपी कार्यालय कसडोल-24 जून से 28 जून 2026 तक के सीसीटीवी फुटेज। कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं सखी सेंटर, बलौदाबाजार- 26 जून से 28 जून 2026 तक के सीसीटीवी फुटेज। इन फुटेजों को जांच में शामिल करने का अनुरोध किया गया है। पत्रकार को आरोपी बनाने और मारपीट का विरोध ज्ञापन में बलौदाबाजार के पत्रकार विजय शंकर तिवारी को इस प्रकरण में आरोपी बनाए जाने पर कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग की गई है। साथ ही, पत्रकार के साथ थाना कसडोल में कथित मारपीट के आरोपों की जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू करने तथा पत्रकारों को विधिक संरक्षण प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।
मुख्यमंत्री के नाम यह ज्ञापन जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा को सौंपा गया। इस अवसर पर बलौदाबाजार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी, सचिव दलजीत सिंह चावला, कोषाध्यक्ष राजेश्वर सिंह गिरी, राघवेंद्र सिंह, गोविंद रात्रे, श्रवण ध्रुव, लोकेश्वर बघेल, गणेश साहू सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।