बलौदा बाजार

सिंगारपुर में नि:शुल्क बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू
02-Jul-2026 5:52 PM
सिंगारपुर में नि:शुल्क बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 2 जुलाई। ग्राम सिंगारपुर स्थित प्राथमिक शाला प्रांगण में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण का शुभारंभ किया तथा इस अभिनव पहल की सराहना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय सूचना एवं तकनीक का युग है। आज कंप्यूटर शिक्षा केवल एक अतिरिक्त योग्यता नहीं, बल्कि रोजगार, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता एवं व्यक्तित्व विकास का आधार बन चुकी है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण प्रतिभाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल भारत की मुख्यधारा से जोडऩे का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

 उन्होंने प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा संचालित यह नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम निश्चित रूप से अनेक युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आग्रह करते हुए कहा कि आज का सीखा हुआ कौशल भविष्य में उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा अपने परिवार, समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, विद्यार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज द्वारा संचालित इस नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी पहल बताया। उपस्थित लोगों ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर संचालित किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर सरपंच कनक मनहरे,जनपद सदस्य  सुंदर लाल साहू ,प्रगतिशील सतनामी समाज के युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष माखन महिलांगे,अशोक बांधे, सुनील यदु,फलित कुर्रे, पूनम बंजारे जितेंद्र मनहरे,दीपक धृतलहरे श्याम जांगड़े हर्षवर्धन यदु रवि खूंटे संजय कुर्रे इतवारी जांगड़े व प्रगतिशील सतनामी समाज ग्राम इकाई के सदस्य एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट