बलौदा बाजार
पढ़ाई छोडऩे वाले बच्चों की जानकारी लेने घरों में जाएंगे कार्यकर्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 जुलाई । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सरकारी स्कूलों में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या में पिछले दो शैक्षणिक वर्षों में कमी आई है। आंकड़ों के अनुसार, करीब 17 हजार विद्यार्थियों की संख्या कम हुई है। इनमें से कुछ विद्यार्थियों के निजी स्कूलों में प्रवेश लेने या अन्य स्थानों पर पलायन करने की संभावना के साथ-साथ एक हिस्सा पढ़ाई छोडऩे वाले (ड्रॉप आउट) बच्चों का भी माना जा रहा है। शिक्षा विभाग इन बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा स्कूल से जोडऩे की योजना पर काम कर रहा है।
शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार सत्र 2023-24 में जिले के सरकारी स्कूलों में 2 लाख 4 हजार 359 विद्यार्थी दर्ज थे। अगले ही वर्ष यह संख्या घटकर 1 लाख 94 हजार 475 रह गई। यानी 1 साल में 9 हजार 884 विद्यार्थी काम हो गए। इसके बाद सत्र 2025-26 में विद्यार्थियों की संख्या और घटकर 1 लाख 87 हजार 187 रह गई। इस तरह 2 वर्षों में कुल 17 हजार 172 विद्यार्थियों की संख्या कम हुई हैं।
लगातार घटती संख्या ने शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन, आर्थिक मजदूरियां, पारिवारिक जिम्मेदारियां और पढ़ाई में रुचि कम होना जैसे कारण अक्सर बच्चों के स्कूल छोडऩे की वजह बताते हैं। कई मामलों में बच्चे स्कूल से दूर हो जाते हैं लेकिन उनका सटीक रिकॉर्ड भी विभाग के पास नहीं पहुंच पाता।
लइका चिन्हारी मोबाइल
ऐप से होगी खोज
इस स्थिति को देखते हुए विभाग अब ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल ऐप के जरिए शाला त्यागी बच्चों की पहचान शुरू करने जा रहा है। इसके लिए स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं की मदद ली जाएगी, जो मोहल्लों में घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और ड्रॉप आउट बच्चों का डिजिटल डेटाबेस तैयार करेंगे।
पूरी जानकारी एप में होगी
सर्वे के दौरान बच्चों की पूरी जानकारी मोबाइल एप में दर्ज की जाएगी। इसमें बच्चों का नाम पता आधार नंबर उसने आखिरी बार किसी स्कूल में पढ़ाई की, वर्तमान में क्या कर रहा है और पढ़ाई छोडऩे की वजह क्या रही, जैसी जानकारियां शामिल होगी। जानकारी सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड होगी, जिससे राज्य स्तर पर भी निगरानी की जा सकेगी। अभी कागजों पर रिकॉर्ड रखा जाता था।
दोबारा स्कूल पहुंचाएंगे
अभियान के तहत चिन्हित बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में समझाया जाएगा। जिन बच्चों को सीखने में कठिनाई है, उनके लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग की व्यवस्था की जाएगी ताकि स्कूल लौटने के बाद उनकी निरंतरता बनी रहे।
बच्चों को स्कूल में बनाएं रखना सबसे बड़ी चुनौती
शिक्षाविद प्रोफेसर एसएन पाध्ये का मानना है कि केवल नामांकन बढ़ाने से शिक्षा की तस्वीर नहीं बदलती बल्कि बच्चों को स्कूल में बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में यदि यह अभियान प्रभावी ढंग से लागू होता है तो जिले में ड्रॉप आउट पर काम करने में मदद मिल सकती हैं।
शाली त्यागी बच्चों की ऑनलाइन ट्रैकिंग होगी
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप शर्मा ने बताया कि शाली त्यागी बच्चों की पहचान और उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्य धारा से जोडऩे के लिए मोबाइल एप की तैयारी की जा रही हैं। इससे बच्चों की ऑनलाइन ट्रैकिंग होगी।