बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के तीर्थ स्थल गिरौदपुरी धाम में सतनामी समाज ने मोर्चा खोल दिया है। मंदिर परिसर में शेड निर्माण को लेकर समाज के सैकड़ों लोग धरने पर बैठ गए हैं। सामाजिक जनों का आरोप है कि, प्रशासन द्वारा आस्था और नियमों के विपरीत गलत दिशा में शेड का निर्माण कराया जा रहा है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री रुद्र गुरु और प्रियंका गुरु कर रहे हैं।
पहले भी सौंपा था ज्ञापन
निर्माण कार्य को लेकर बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी में विवाद गहरा गया है। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे सतनामी समाज के लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। समाज का कहना है कि, वे शासन को इस संबंध में पहले भी ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन जब प्रशासन की तरफ से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो उन्हें मजबूरन सडक़ पर उतरना पड़ा।
गलत दिशा में हो रहे निर्माण का विरोध- रुद्र गुरु
इस मामले में गुरु रुद्र कुमार जगतगुरु गद्दीनशीन का कहना है कि, सतनामी समाज गिरौदपुरी में हो रहे विकास कार्यों का विरोध बिल्कुल नहीं कर रहे हैं। विरोध सिर्फ और सिर्फ गलत दिशा में हो रहे निर्माण को लेकर है। सतनामी सामाज की हमेशा से परंपरा रही है मुख्य गेट के बाई दिशा से भुइयां नापते परिक्रमा करते श्रद्धालु मुख्य मन्दिर तक जाते हैं, लेकिन शेड का निर्माण दाएं तरफ कराया जा रहा है।