बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 जुलाई। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे प्रदेश में राज्य एवं जिला स्तर पर सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सहकारी गतिविधियों, सहकारी चिंतन गोष्ठी एवं सहकारी मेलों का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में 29 जून को जिले की 168 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स), 15 बैंक शाखाओं, जिला सहकारी संघ, लघु वनोपज सहकारी समिति, दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समिति, विपणन सहकारी समिति तथा कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) सहकारी समितियों में हर्षोल्लास के साथ सहकारी ध्वजारोहण कर सहकारी सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, बिश्रामपुर पंजीयन क्रमांक 1406 में समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं अध्यक्ष हेम सिंह चौहान द्वारा विधिवत सहकारी ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर समिति परिसर ‘सहकार से समृद्धि’ के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि ईश्वर साहू, मानसिंह साहू, दौवा राम साहू, फेकू राम, भुवनेश्वर सोनवानी, संजय शर्मा, बलराम, पुनीत राम, शांतिलाल वर्मा, विजय कुमार मांडले, पावल मसीह, फते राम चरण, आत्मा चैतू, नवीन मसीह, समिति प्रबंधक सुरेश साहू, अश्वनी यादव, राजू निषाद, विजय कुमार, जयंत यदु, सीताराम यादव, दाऊलाल सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कृषक सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष हेमसिंह चौहान ने कहा कि सहकारिता आंदोलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करने हेतु हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने उपस्थित कृषक सदस्यों को समिति के व्यवसाय, खाद-बीज वितरण प्रणाली एवं संस्था की उपविधि से अवगत कराया।
श्री चौहान ने जानकारी दी कि सहकारी सप्ताह के आगामी दिवसों में समिति द्वारा कृषक संगोष्ठी, वृक्षारोपण अभियान, जैविक खेती एवं जैविक खाद पर प्रशिक्षण, खेत बचाओ अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, केसीसी कार्ड व रुपे कार्ड वितरण, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में निबंध व क्विज प्रतियोगिता तथा सहकार संकल्प दौड़ जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी कृषकों, युवाओं एवं ग्रामवासियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं सहकारिता के प्रति संकल्प के साथ हुआ।