बलौदा बाजार
सडक़, बिजली और सामुदायिक वन अधिकार की मांगों पर आंदोलन का ऐलान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 जून। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के वनांचल क्षेत्र सोनाखान-बारनवापारा के 18 से अधिक गांवों के आदिवासी ग्रामीणों ने वर्षों से चली आ रही सडक़, बिजली और सामुदायिक वन अधिकार की समस्याओं को लेकर महापंचायत आयोजित कर शासन-प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेडऩे का ऐलान किया है। महापंचायत में क्षेत्र के ग्राम प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि उनकी तीन सूत्रीय मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं, तो 5 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौपेंगे ग्रामीण
बैठक में बताया गया कि, 28 जून को क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित बैठक में 21 गांवों में बिजली आपूर्ति, 18 गांवों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र तथा बारनवापारा-बया-पिथौरा-झलप-कसडोल मार्ग के पक्कीकरण की मांगों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि, इन मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने के 10 दिन बाद भी कोई अधिकारी उनकी समस्याओं का जायजा लेने नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
मांगें पूरी नहीं होने तक स्कूलों का भी करेंगे बहिष्कार
महापंचायत में निर्णय लिया गया कि, 2 जुलाई को एसडीएम कसडोल को आंदोलन की सूचना देते हुए ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 5 जुलाई से 11 पंचायतों के ग्रामीण अपने दैनिक कार्य बंद कर आंदोलन में शामिल होंगे और अपनी संगठन शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने आंदोलन को और प्रभावी बनाने के लिए यह भी घोषणा की कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अपने बच्चों को आंगनबाड़ी, प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी स्कूलों में नहीं भेजेंगे।
मूलभूत सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि, आजादी के लगभग 80 वर्ष बाद भी वनांचल के 18 से अधिक गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। कई गांवों में सडक़ और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों का जीवन कठिन बना हुआ है। उनका कहना है कि, अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए। महापंचायत में उपस्थित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि, यदि उनकी मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।