बलौदा बाजार

मुख्य मार्ग पर नाली का ढक्कन क्षतिग्रस्त, हादसे की आशंका
29-Jun-2026 3:17 PM
मुख्य मार्ग पर नाली का ढक्कन क्षतिग्रस्त, हादसे की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 29 जून। शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक, दशहरा मैदान के सामने मुख्य नाली का ढक्कन पिछले कुछ समय से क्षतिग्रस्त है। व्यस्त मार्ग होने के कारण इस खुले व क्षतिग्रस्त हिस्से की वजह से आवाजाही करने वाले नागरिकों और वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे यहाँ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। बस स्टैंड, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र, कैलाश अस्पताल, स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों व आम नागरिकों के लिए यह एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। मार्ग पर आवाजाही का दबाव अधिक होने और शॉर्टकट रास्ता होने के कारण यहाँ दोपहिया वाहनों की संख्या काफी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में कुछ वाहन इस खुले हिस्से में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रात के समय प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण यह क्षतिग्रस्त हिस्सा राहगीरों के लिए अधिक असुरक्षित हो जाता है। ढक्कन के क्षतिग्रस्त होने के बाद से अब तक संबंधित नगर पालिका प्रशासन या लोक निर्माण विभाग द्वारा इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है, जिसे लेकर स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों ने असंतोष व्यक्त किया है। क्षेत्र के नागरिकों ने जिला अधिकारियों से मांग की है कि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए।

 इस व्यस्त मार्ग की सुध ली जाए और नाली के क्षतिग्रस्त ढक्कन को हटाकर जल्द से जल्द नया व गुणवत्तापूर्ण ढक्कन लगवाया जाए, ताकि सुचारू व सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके।


अन्य पोस्ट