बलौदा बाजार

बलौदाबाजार जपं परिसर पीछे कचरे का अंबार
28-Jun-2026 7:00 PM
बलौदाबाजार जपं परिसर पीछे कचरे का अंबार

स्वच्छता और जलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 28 जून। बलौदाबाजार जिले की महत्वपूर्ण स्थानीय निकायों में शामिल जनपद पंचायत कार्यालय में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर नागरिकों द्वारा ध्यान आकर्षित कराया गया है। हाल ही में जनपद पंचायत परिसर के बाहरी हिस्से में अधोसंरचना विकास के तहत पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य पूर्ण किया गया है, जिसके बाद अब परिसर के आंतरिक हिस्से और पिछले भाग की नियमित सफाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत परिसर में गौण खनिज मद के अंतर्गत लगभग ?16.42 लाख की लागत से पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य कराया गया है। इससे परिसर का अग्रभाग व्यवस्थित नजर आ रहा है, परंतु कार्यालय के पिछले हिस्से में जमा ठोस अपशिष्ट (कचरा) के कारण आसपास असुविधा की स्थिति निर्मित हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से इस हिस्से की मुकम्मल सफाई न होने के कारण स्वच्छता प्रभावित हो रही है।

100 से अधिक ग्राम पंचायतों का केंद्र

बलौदाबाजार जनपद पंचायत के अंतर्गत 100 से अधिक ग्राम पंचायतें आती हैं। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन सैकड़ों नागरिक, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी विभिन्न शासकीय व प्रशासनिक कार्यों के लिए यहाँ पहुँचते हैं। इसके अलावा परिसर के सभाकक्ष में समय-समय पर विभागीय बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित होते रहते हैं। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि अधोसंरचना विकास कार्यों के साथ-साथ दैनिक रखरखाव और सफाई व्यवस्था पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

शौचालय में जलापूर्ति प्रभावित

परिसर में आने वाले आगंतुकों के अनुसार, यहाँ स्थित महिला एवं पुरुष शौचालयों में नियमित जलापूर्ति (वॉटर सप्लाई) न होने के कारण साफ-सफाई प्रभावित हो रही है। समुचित रखरखाव के अभाव में कुछ स्थानों पर बाथरूम के दरवाजे भी जर्जर स्थिति में हैं, जिनकी मरम्मत कराया जाना लंबित है। नागरिकों ने इस समस्या के त्वरित निराकरण की मांग की है।

सफाई और मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू होगा-सीईओ

इस संबंध में जनपद पंचायत बलौदाबाजार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) फकीरचंद पटेल ने बताया, परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कार्यालय परिसर की सुचारू साफ-सफाई, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी, ताकि यहाँ आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


अन्य पोस्ट