बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 जून। किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार में संचालित डायलिसिस केंद्र में अब तक 14,410 डायलिसिस सेशन पूरे किए जा चुके हैं। महंगे निजी इलाज और बड़े शहरों की यात्रा के विकल्प के रूप में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध इस निशुल्क सुविधा का लाभ जिले के सैकड़ों नागरिकों को मिल रहा है।
अस्पताल प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 से संचालित इस केंद्र में अब तक कुल 197 पंजीकृत मरीजों का उपचार किया जा चुका है। जिला अस्पताल में यह चिकित्सा सुविधा पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जा रही है, जिससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को राहत मिली है। इससे पूर्व क्षेत्र के निवासियों को डायलिसिस के लिए रायपुर या बिलासपुर जैसे संभाग मुख्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता था।
25 जून को विशेषज्ञ चिकित्सकों का ऑनलाइन परामर्श शिविर
अस्पताल प्रशासन ने किडनी रोगियों की सुविधा के लिए एक नई पहल करते हुए 25 जून को विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ एक ऑनलाइन परामर्श शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस शिविर के माध्यम से नए और जरूरतमंद मरीज अपनी बीमारी से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य मरीजों को समय पर सही उपचार और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
निजी अस्पतालों के मुकाबले आर्थिक बचत
डायलिसिस कराने आए भाटापारा विकासखंड के ग्राम कोकिया निवासी सुनील कुमार ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि जिला अस्पताल में यह उनका पहला डायलिसिस सत्र था। इससे पहले उन्होंने बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में दो बार डायलिसिस कराया था, जहाँ प्रति सप्ताह 7,000 से 8,000 तक का व्यय हो रहा था। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में निशुल्क सुविधा मिलने से मरीजों पर वित्तीय बोझ काफी कम हुआ है।