बलौदा बाजार
विद्यार्थियों ने सुनी राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 जून। नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार-भाटापारा ने गुरुवार को जिलास्तरीय पत्रकारवार्ता एवं विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कोटा (राजस्थान) में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई बलौदाबाजार विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इसमें युवाओं ने राहुल गांधी के कोटा में दिए गए संबोधन और ‘द फैक्ट्री: कोटा - छात्रों की गूंज’ प्रस्तुति को देखा और सुना। उपस्थित विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था की खामियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की।
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था छात्रों के सपनों को साकार करने के बजाय उन्हें लगातार असफलता और तनाव की ओर धकेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा प्रणाली एक तरह का ‘रिजेक्शन सिस्टम’ बन चुकी है, जिसमें लाखों युवाओं को कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने मेधावी छात्रों का मनोबल तोड़ा है और युवाओं में हताशा बढ़ी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था अब ‘वसूली तंत्र’ का रूप ले चुकी है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आवेदन प्रक्रियाओं में परिवारों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। साथ ही बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी चिंता जताई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी का संदेश युवाओं को बेहतर और सुलभ शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का है, ताकि प्रत्येक छात्र को अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिल सके। जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, प्रभारी महामंत्री रामकुमार साहू छल्ला, जिला महामंत्री जितेंद्र नवरत्न, सिद्धांत मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष प्रवीण सेन, ग्रामीण अध्यक्ष दीपक साहू, सुखदेव साहू, जनपद सदस्य रामकुमार टंडन, संजय सोनी, नीरज बांधे, विजय साहू, मोहन साहू, कमलेश्वर यदु, जतिराम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।