बलौदा बाजार

जापान के सकुरा साइंस हाई स्कूल कार्यक्रम के लिए 2 छात्र चयनित
24-Jun-2026 5:57 PM
जापान के सकुरा साइंस हाई स्कूल कार्यक्रम के लिए 2 छात्र चयनित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 जून। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दो प्रतिभाशाली छात्रों ने इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत जापान में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित सकुरा साइंस हाई स्कूल कार्यक्रम के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनकी उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।

कलेक्टर शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों एवं उनके पालकों के लिए, बल्कि संपूर्ण जिले के लिए भी गर्व का विषय है। विद्यार्थियों की यह सफलता जिले में विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि जापान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में सहभागिता से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में नई जानकारियां प्राप्त होंगी।

जिससे वे भविष्य में देश एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

चयनित विद्यार्थियों में गगन दास मानिकपुरी, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लवन तथा नागेश कुमार, शासकीय मिडिल स्कूल, हथबंद शामिल हैं। पूरे छत्तीसगढ़ से इस कार्यक्रम के लिए केवल पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें से दो विद्यार्थी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से हैं। यह जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।


अन्य पोस्ट