बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 जून। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के साथ-साथ किसानों को डिब्बों में डीजल नहीं दिए जाने के विरोध में पलारी में कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पलारी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने एक कार को बैलों से बांधकर पेट्रोल पंप तक खींचा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
बैलों से खिंचवाई कार, सरकार पर साधा निशाना
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि बंजारे के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि ईंधन के बढ़ते दामों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और हालात ऐसे हो गए हैं मानो लोग फिर से बैलगाड़ी के दौर में लौटने को मजबूर हो रहे हों। रवि बंजारे ने कहा कि खेती-किसानी के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन किसानों को डिब्बों में डीजल नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता और किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।
बैलों से खिंचती कार और कांग्रेस के इस अनोखे प्रदर्शन ने राहगीरों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा। कुछ देर के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई और यह प्रदर्शन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।