बलौदा बाजार
भाटापारा, 20 जून। अधिवक्ता संघ भाटापारा ने नियमों, आचार संहिता और अनुशासनात्मक प्रावधानों के उल्लंघन के मामले में एक बड़ा निर्णय लिया है। संघ के सदस्य सूरज शर्मा के विरुद्ध प्राप्त लिखित शिकायतों और साक्ष्यों पर विचार-विमर्श के लिए 18 जून को अधिवक्ता संघ कार्यालय में आमसभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से उन्हें संघ की नियमित सदस्यता से निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ताओं और अन्य सदस्यों के समक्ष संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर देते हुए मामले पर गहन चर्चा की गई। प्रथम दृष्टया आचरण नियमों के विपरीत पाए जाने पर संघ ने निलंबन की यह कार्रवाई की है।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने बताया कि संबंधित अधिवक्ता के विरुद्ध पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इनमें मुख्य रूप से पुलिस थानों के कुछ कर्मचारियों से कथित सांठगांठ कर जमानत के प्रकरणों को प्रभावित करने का प्रयास शामिल है। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में भी मौखिक रूप से समझाइश दी गई थी, किंतु आचरण में सुधार न होने और संघ के नियमों का निरंतर उल्लंघन किए जाने के कारण यह अनुशासनात्मक कदम उठाया गया है।
यह आदेश 18 जून से प्रभावी हो गया है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिवक्ता संघ की सदस्यता से मिलने वाले किसी भी अधिकार, सुविधा अथवा गतिविधियों में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। इसके साथ ही, संघ ने इस मामले में अनुचित सहयोग करने वाले संबंधित पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों के विरुद्ध भी जांच कराने की बात कही है।
आमसभा में अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई संगठन में अनुशासन, मर्यादा और पेशेवर आचरण को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। संघ ने सभी सदस्यों से अधिवक्ता पेशे की गरिमा और नैतिक मानकों का पालन करने की अपेक्षा की है। इस कार्रवाई की प्रतिलिपि आवश्यक सूचना और रिकॉर्ड के लिए व्यवहार न्यायालय भाटापारा, जिला न्यायालय बलौदाबाजार और राज्य विधिज्ञ परिषद (स्टेट बार काउंसिल) बिलासपुर को प्रेषित कर दी गई है।