बलौदा बाजार
समय पर ऋण जमा करने वाले वेंडर को दिया गया प्रमाण पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 जून। शहरी पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाए जाने के लिए शासन की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर पालिका द्वारा स्व- निधि महोत्सव का आयोजन किया गया , जिसमें छोटे व्यवसाय करने वाले गरीब एवं असंगठित श्रमिक, महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान किया जाना प्रमुख रहा है। इस अवसर पर योजना के उत्कृष्ट व्यवसायीयों को सम्मान एवं त्वरित ऋण का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वनिधि महोत्सव के मुख्यअतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने इस अवसर पर नगरीय निकाय में छोटे धन्दा, व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवार का जीवकोपार्जन करने वाले व्यवसायीयों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक स्वरूप चेक का वितरण किया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने इस अवसर पर शहरी पथ विक्रेताओं को अपने सम्बोधन में कहा कि सभी फुटकर व छोटे व्यवसाय के माध्यम से रोजगार चलाने वाले व्यवसायी शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठा सकतें है बिना किसी गारंटी के सरलतम ढंग से लोन प्राप्त कर अपना व्यापार व्यवसाय को और भी आगे बढ़ा सकते हैं, यह शासन की महत्वपूर्ण योजना स्वनिधि महोत्सव का अधिक से अधिक लोग लोन लेकर प्रगति कर सकते है व सभी को शुभकामनाएं दी गई, इस दौरान सभापति जितेंद्र डड़सेना ने भी सम्बोधित कर स्वनिधि महोत्सव के महत्वपूर्ण योजना का लाभ: सभी छोटे व्यवसायी प्राप्त करें।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर के छोटे व्यवसायी जो मुख्य रूप से फल, सब्जी, बैग सिलने, छोटी वेल्डिंग मशीन चलाने, चाय-नाश्ता,टोकनी सुपा झाड़ू, का व्यापार व व्यवसाय करने वाले लोगों को शासन के द्वारा बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी पर ऋण प्रदाय किया जा रहा है, इस स्वनिधि कार्यक्रम में कुल 80 लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें15 हितग्राहियों का लोन स्वीकृत किया गया है, व 8 हितग्राहियों को तत्काल ऋण भी प्रदाय की गई,जिसमें 6 व्यवसायी को प्रथम व 2 व्यवसायी को द्वितीय किश्त की राशि प्रदान की गई है।
शहरी क्षेत्र के शहरी पथ विक्रेताओं के लिए स्व- निधि महोत्सव के आयोजन के अवसर पर नगरपालिका के उपाध्यक्ष जितेंद्र माहले, सभापति जितेंद्र डड़सेना,कन्हैया सेन, पार्षद रोहित साहू, रेखा पोषण पटेल,अमितेष नेताम, पार्षद प्रतिनिधि शशिभूषण शुक्ला, सुभाष राव, भाजपा नेता योगेश अग्रवाल, राहुल सोनी सहित विभिन्न बैंक के प्रतिनिधि व नगर पालिका के अधिकारी एवम कर्मचारी गण उपस्थित थे। आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका के अधिकारियों, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों एवं बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभ, समय पर ऋण पुनर्भुगतान, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहनों की जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों को ऋण वितरण, डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय साक्षरता से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित हितग्राहियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने एवं स्वरोजगार को सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित पथ विक्रेताओं ने योजना से प्राप्त लाभों एवं अपने अनुभवों को साझा किया।