बलौदा बाजार

बलौदाबाजार में मैनुअल फिटनेस बंद, वाहन को रायपुर-बिलासपुर ले जाने की मजबूरी
20-Jun-2026 3:06 PM
बलौदाबाजार में मैनुअल फिटनेस बंद, वाहन को  रायपुर-बिलासपुर ले जाने की मजबूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 जून। जिला परिवहन कार्यालय बलौदाबाजार में नवंबर 2025 से भारी वाहनों का मैनुअल फिटनेस कार्य बंद होने के कारण वाहन मालिकों को फिटनेस टेस्ट के लिए अन्य जिलों का रुख करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के समय पर शुरू न हो पाने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है।

वर्तमान व्यवस्था के तहत बलौदाबाजार जिले के वाहनों को फिटनेस जांच के लिए करीब 100 किलोमीटर दूर रायपुर अथवा 60 किलोमीटर दूर बिलासपुर स्थित ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग स्टेशन जाना पड़ रहा है। इस प्रक्रिया से वाहन मालिकों और विशेषकर उन स्कूल संचालकों को असुविधा हो रही है, जिनके पास विद्यार्थियों के परिवहन के लिए सीमित संख्या में बसें हैं।

सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत देश भर में मैनुअल फिटनेस टेस्ट को बंद कर उसके स्थान पर ऑटोमेटेड टेस्टिंग मशीन से फिटनेस अनिवार्य किया गया है। बलौदाबाजार जिला परिवहन कार्यालय के अंतर्गत जिले में 8,000 से अधिक भारी वाहन और करीब 200 निजी बसें पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त जिले में संचालित सात प्रमुख सीमेंट संयंत्रों, राइस मिलों और अन्य उद्योगों में भी बड़ी संख्या में भारी वाहन संलग्न हैं।

निर्धारित समय-सीमा में स्थापित नहीं हो पाया एटीएस

विभागीय जानकारी के अनुसार, नवंबर 2025 में परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान निर्माणकर्ता एजेंसी को 15 सितंबर 2025 तक बलौदाबाजार में एटीएस स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया था। हालांकि, तकनीकी और अन्य कारणों से यह केंद्र निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ नहीं किया जा सका है।

वाहन मालिकों और संचालकों की मांग

स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और स्कूल बस संचालकों का कहना है कि जिले में एटीएस केंद्र शुरू न होने के कारण वाहनों को अनिवार्य फिटनेस के लिए रायपुर या बिलासपुर भेजना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और परिचालन व्यय बढ़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और संबंधित निर्माण एजेंसी के माध्यम से स्थानीय एटीएस को शीघ्र क्रियाशील करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट