बलौदा बाजार

खेती किसानी हो रही प्रभावित, पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतार, घंटों करना पड़ रहा इंतजार
18-Jun-2026 5:30 PM
खेती किसानी हो रही प्रभावित, पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतार, घंटों करना पड़ रहा इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 18 जून। खरीफ सीजन के प्रारंभ होने के साथ ही सुहेला अंचल में किसानों और ट्रैक्टर संचालकों को कृषि कार्यों के लिए डीजल प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंपों पर जेरीकेन (डिब्बों) में डीजल न मिलने के कारण ट्रैक्टरों को सीधे पंपों तक लाना पड़ रहा है, जिससे किसान और ट्रैक्टर संचालक परेशान हैं।

अंचल में मानसून के आगमन और हल्की वर्षा के साथ ही खरीफ फसलों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। वर्तमान में खेतों की साफ-सफाई, खाद फैलाने, जुताई और कतारी जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

किसानों और ट्रैक्टर संचालकों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के तहत जेरीकेन में डीजल न मिलने के कारण उन्हें कई किलोमीटर दूर स्थित पेट्रोल पंपों तक ट्रैक्टर लेकर जाना पड़ रहा है।  ट्रैक्टर चालकों मोतीलाल वर्मा और संतोष यादव के अनुसार, डीजल लेने के लिए कतारों में लगने से उनका समय और ईंधन दोनों अतिरिक्त खर्च हो रहे हैं, जिससे खेतों की जुताई का काम प्रभावित हो रहा है।

किसान रामकुमार वर्मा और शिव प्रसाद साहू ने बताया कि बारिश शुरू होने के कारण खेतों में काम का दबाव है, इसलिए प्रशासन को कृषि कार्य के लिए जेरीकेन में डीजल मिलने की प्रक्रिया को सरल करना चाहिए।

इस संबंध में पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि वे शासन-प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन कर रहे हैं। उन्हें उच्च अधिकारियों से सुरक्षा कारणों से जेरीकेन या डिब्बों में सीधे पेट्रोल-डीजल देने की मनाही है और जब तक कोई आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं होता, वे खुले में ईंधन नहीं दे सकते।

प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए आवेदन आधारित व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत सीमित मात्रा में जेरीकेन में डीजल प्राप्त किया जा सकता है।

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिमगा अतुल शेटे ने बताया कि किसानों को डीजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यवस्था बनाई गई है। तहसील अथवा एसडीएम कार्यालय में विधिवत आवेदन प्रस्तुत करने पर किसानों को जेरीकेन में डीजल प्रदान किया जाएगा। साथ ही शासकीय विभाग लोक निर्माण विभाग, बीएसएनल एवं अन्य विभागों द्वारा आवश्यकतानुसार जेरीकेन में डीजल प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने पर उन्हें भी डीजल प्रदान किया जा रहा है। किसानों को भी 20 लीटर तक डीजल आवेदन प्राप्त होने पर उपलब्ध कराया जा रहा हैं।


अन्य पोस्ट