बलौदा बाजार

पुनर्वास राशि के लिए किसान 15 साल से भटक रहे , कलेक्टर को ज्ञापन
11-Jun-2026 8:48 PM
  पुनर्वास राशि के लिए किसान 15 साल से भटक रहे , कलेक्टर को ज्ञापन

श्री सीमेंट कंपनी पर पुनर्वास नीति के तहत भुगतान नहीं करने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 11 जून। ग्राम खपराडीह के प्रभावित किसानों ने कलेक्टर बलौदाबाजार को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी भूमि के अधिग्रहण के बदले छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत देय राशि का पूर्ण भुगतान नहीं किया गया है। किसानों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो वे आंदोलन करने पर विचार करेंगे।

ज्ञापन में किसानों ने कहा है कि औद्योगिक प्रयोजन के लिए उनकी लगभग 104 एकड़ कृषि भूमि का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन उन्हें पुनर्वास नीति के अनुरूप पूरी राशि प्राप्त नहीं हुई है। किसानों के अनुसार वर्ष 2010 में श्री सीमेंट लिमिटेड की खपराडीह इकाई के लिए कृषि भूमि का क्रय किया गया था। उनका दावा है कि भूमि क्रय के दौरान प्रभावित किसानों को मुआवजा और पुनर्वास संबंधी लाभ दिए जाने का आश्वासन दिया गया था। किसानों ने आरोप लगाया है कि उन्हें 8 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया गया, जबकि कंपनी द्वारा अधिक राशि दिए जाने की बात भी कही गई थी।

ज्ञापन में किसानों ने 19 मार्च 2010 को प्रकाशित छत्तीसगढ़ शासन की संशोधित आदर्श पुनर्वास नीति-2007 का हवाला देते हुए कहा है कि औद्योगिक परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों को पुनर्वास सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। किसानों का दावा है कि नीति के तहत निर्धारित पुनर्वास सहायता राशि और उन्हें प्राप्त भुगतान के बीच का अंतर आज तक नहीं दिया गया है।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया है कि उद्योग की स्थापना के बाद भी प्रभावित परिवारों को पुनर्वास संबंधी लाभ नहीं मिले हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को कई बार आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे गए हैं। वहीं इस संबंध में श्री सीमेंट लिमिटेड का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

इस संबंध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि खपराडीह के किसानों द्वारा दिए गए आवेदन का परीक्षण कराया जा रहा है।

ज्ञापन सौंपने वालों में सतन कुमार बघमार, देवलाल बघमार, रमेश बघमार, अखिलेश बघमार, प्रदीप बघमार, कुसुम बघमार, राम सिंह बघमार, पुनीतराम वर्मा, त्रिलोचन वर्मा, संजय बघमार, ईश्वर वर्मा, उधोराम बघमार, नरेश वर्मा, सविता वर्मा, निशा वर्मा, ललित वर्मा, जीवन वर्मा, लोकेन्द्र बघमार, नेहा बघमार, सूर्य गजेन्द्र बघेल, दुलेश्वरी वर्मा, सुरेश बघेल, सुनीता वर्मा, रवि बंछोर, जितेंद्र वर्मा, आजूराम बंजारे, रूपेन्द्र बघमार सहित अन्य किसान शामिल हैं।


अन्य पोस्ट