बलौदा बाजार

शहरी पथ विक्रेताओं को स्वनिधि मेला में मिल रहा ऋण, अब तक 511 लाभान्वित
11-Jun-2026 2:15 PM
शहरी पथ विक्रेताओं को स्वनिधि मेला में  मिल रहा ऋण, अब तक 511 लाभान्वित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 11 जून। शहरी पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाए जाने के लिए शासन की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर पालिका द्वारा लोक कल्याण स्व- निधि मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें छोटे व्यवसाय करने वाले गरीब एवं असंगठित श्रमिक, महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान किया जाना प्रमुख है। उक्त योजना के अंतर्गत नगरपालिका द्वारा अब तक 511 शहरी पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा-नगरीय निकाय में छोटे व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवार का जीवकोपार्जन करने वाले व्यवसायी शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाते हुए सरलतम ढंग से लोन प्राप्त कर अपना व्यापार व्यवसाय को और भी आगे बढ़ा सकते हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर के छोटे व्यवसायी जो मुख्य रूप से फल, सब्जी, बैग सिलने, छोटी वेल्डिंग मशीन चलाने, चाय-नाश्ता,टोकनी सुपा झाड़ू, का व्यापार व व्यवसाय करने वाले लोगों को शासन के द्वारा बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी पर ऋण प्रदाय किया जा रहा है, जिसमें व्यवसायी को पहले 15,000 का ऋण प्रदाय किया जाएगा, उक्त ऋण को निर्धारित समय पर जमा किए जाने से दूसरा ऋण 25,000 व भुगतान पर तीसरा ऋण 50,000 भी प्राप्त करने के लिए व्यवसायी पात्र होंगे, जिसका ब्याज सब्सिडी 7 फीसदी  वार्षिक रखा गया है। शहरी क्षेत्र के शहरी पथ विक्रेताओं के लिए स्व- निधि महोत्सव कल्याण मेला का आयोजन किया गया है, 17 जून  को नगर भवन में शहरी पथ विक्रेता के लिए ऋण प्रदाय हेतु शासन की महत्वपूर्ण योजना से संबंधित आवेदन प्राप्त कर सकते हैं, इस दौरान सभी बैंक के अधिकृत अधिकारी उपस्थित रहेंगे। व हितग्राही अपना आवेदन निकटतम बैंक, सी एस सी सेंटर अथवा नगर पालिका में या फिर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।  आवश्यक दस्तावेज में नगरी निकाय द्वारा जारी वेडिंग सर्टिफिकेट, वेंडर परिचय पत्र, बैंक खाता पासबुक, एवं आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, व पासपोर्ट साइज फोटो साथ जमा कर सकते हैं।

उक्त योजना के अंतर्गत नगरपालिका द्वारा अब तक 511 शहरी पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है, डिजिटल साक्षरता से जोडऩे के साथ ही शहरी शहरी पथ विक्रेताओं वेंडर के अध्यनरत बच्चो को पुरस्कृत करने के साथ ही जो वेंडर समय पर ऋण अदायगी कर अपने व्यापार व्यवसाय को आगे बढ़ाने में निरंतर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं ।

उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट