बलौदा बाजार
ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 जून। जिले की शराब दुकानों में चल रहे कथित गोरखधंधे का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम संडी में मंगलवार 9 जून की देर रात ग्रामीणों ने इसका खुलासा किया।
झोले में शराब ले जाते पकड़ाए युवक
जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने शराब दुकान के पास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ लिया। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लेकर आ रहे हैं और इसे दुकान में रखा जाना था।
घर पहुंचते ही सामने आया चौंकाने वाला नजारा
इसके बाद ग्रामीण सीधे सेल्समैन के घर पहुंच गए। वहां जो नजारा दिखाई दिया, उसने सभी को चौंका दिया। घर के आसपास बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान पड़ा मिला। देखते ही देखते गांव में चर्चा फैल गई कि कहीं लंबे समय से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर ग्राहकों तक तो नहीं पहुंचाई जा रही थी।
सूचना मिलते ही हरकत में आया आबकारी विभाग-ग्रामीणों ने तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही आबकारी अमला हरकत में आया और देर रात छापेमारी कर सेल्समैन सूरज टंडन सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री, खाली शीशियां और शराब तैयार करने में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।


